अमेरिका के कैलिफोर्निया में स्थित एक प्रमुख हिंदू मंदिर में कुछ खालिस्तान समर्थक द्वारा नारेबाजी और भारत विरोधी चित्रों के साथ तोड़फोड़ की गई। इस मामले पर भारत ने सख्ती बरतते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।
यह घटना प्रकाश में तब आई जब एक हिंदू-अमेरिकी फाउंडेशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर इससे जुड़ी तस्वीरें शेयर की। तस्वीरों में न्यूआर्क के स्वामीनारायण मंदिर वासना संस्था की दीवारों पर भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नफरत भरे नारे लिखे हुए दिख रहे थे। भारत ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए जांच की मांग की है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसे चरमपंथियों को जगह नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने पहले ही इस मामले को अमेरिकी अधिकारियों के सामने उठाया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने आगे कहा, “मैंने समाचार देखा है। जैसा कि आप जानते हैं, हम इस बारे में चिंतित हैं। भारत के बाहर चरमपंथियों और अलगाववादी ताकतों को जगह नहीं मिलनी चाहिए। जो कुछ भी हुआ उसके बारे में हमारे वाणिज्य दूतावास ने (अमेरिकी) सरकार और वहां की पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है और हमें विश्वास है कि मामले की जांच की जा रही है।”