London Singapore Flight Air Turbulence: लंदन से सिंगापुर जा रही सिंगापुर एयरलाइंस की उड़ान में गंभीर गड़बड़ी के कारण एक आदमी की मृत्यु हो गई और कई घायल हो गए. सिंगापुर एयरलाइंस की उड़ान SQ321 हीथ्रो हवाई अड्डे से सिंगापुर के रास्ते में थी, जब उसे गंभीर एयर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा. एयर टर्बुलेंस की वजह से फ्लाइट को क्षेत्रीय समयानुसार दोपहर 3:45 बजे बैंकॉक के सुवर्णभूमि हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. फ्लाइट में कुल 211 यात्रियों के अतिरिक्त 18 क्रू सदस्य सवार थे.
एयरलाइंस ने जताया शोक
फ्लाइट शाम 6 बजकर 10 मिनट पर सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट उतरने वाली थी. सिंगापुर एयरलाइंस ने मृतक यात्री के परजनों के प्रति शोक जताया है. प्लेन की लैंडिंग के तुरंत बाद एम्बुलेंस की कई गाड़ियां एयरपोर्ट पहुंची. घायलों को उपचार के लिए पास के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.
भयावह होता है एयर टर्बुलेंस
विमानन क्षेत्र में एयर टर्बुलेंस शब्द का अक्सर इस्तेमाल होता है. यह भयावह घटना होती है जिससे विमान का पायलट भी बचना चाहता है. यातियों के लिए तो यह बहुत डराने वाला अनुभव होता है. टर्बुलेंस असल में एयर फ्लो में दबाव और रफ्तार में आया अचानक बदलाव होता है, जिससे विमान को धक्का लगता है. विमान चलते-चलते ऊपर-नीचे हिलने लगता है. टर्बुलेंस की वजह से हल्की झटकों से लेकर तेज और लंबे झटके महसूस किए जा सकते हैं, जिसके नतीजे बहुत भयावह भी हो सकते हैं.