इजरायल-हमास युद्ध का आज 32वां दिन है. इजरायली सेना गाजा पट्टी में जमीनी हमले तेज करते हुए भूमध्य सागर तक पहुंच गई है. हमास के खात्मे की दिशा में आगे बढ़ रही इजरायली जमीनी सेना के टैंकों की तैनाती ने गाजा पट्टी को दो हिस्सों में बांट दिया है. सैटेलाइट से ली गई गाजा पट्टी की तस्वीरों में इजरायल रक्षा बलों (IDF) के छह गढ़ दिखाई दे रहे हैं, जो पूरे गाजा पट्टी को उत्तरी और दक्षिणी गाजा में बांट रहे हैं.
स्काई न्यूज पर छपी सैटेलाइट इमेज में दिख रहा है कि गाजा शहर के दक्षिण के क्षेत्र में लगभग 7 किलो मीटर (4 मील) की चौडी पट्टी पर आईडीएफ के टैंकों और सैनिकों की भारी तैनाती हो चुकी है. शुक्रवार को एयरबस उपग्रह द्वारा ली गई इमेज में टैंक, बख्तरबंद गाड़ी और बुलडोजर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं.