वाशिंगटन, 02 मई: दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शुमार और टेस्ला कंपनी के सीईओ एलन मस्क ने हाल ही में 44 अरब डॉलर में ट्विटर को खरीद लिया है। ऐसे में शुरू से कयास लगाए जा रहे थे कि कंपनी में एलन मस्क बदलाव करने के मूड में हैं। इस बीच अब ट्विटर के सीईओ पराग अग्रवाल (Parag Agrawal) को लेकर दावा किया जा रहा है कि वो बदलने वाले हैं। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्र के हवाले से यह खबर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क अब पराग अग्रवाल की जगह किसी और को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनाने वाले हैं।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक बेनाम सूत्रों के हवाले से बताया है कि एलन मस्क ने ट्विटर के लिए एक नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को लाइन में खड़ा किया है, जो सोशल नेटवर्क की 44 बिलियन डॉलर की बिक्री यानी Twitter के अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीईओ पराग अग्रवाल की जगह लेंगे। मस्क ने पिछले महीने ट्विटर के चेयरमैन ब्रेट टेलर से कहा था कि उन्हें सैन फ्रांसिस्को स्थित कंपनी के मैनेजमेंट पर भरोसा नहीं है।