बर्लिन, 02 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन के यूरोप दौरे के अपने पहले पड़ाव पर जर्मनी पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने जर्मनी के चांसलर ओलाफ चोर्ल्स से मुलाकात की। दोनों ने साझा बयान जारी किया। इस दौरान पीएम मोदी ने रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध पर अहम बयान दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि हाल की घटनाएं बताती हैं कि वैश्विक शांति और स्थिरता मुश्किल दौर में है, इन घटनाओं ने दिखाया कि कैसे सभी देश एक दूसरे से जुड़े हैं। हमने पहले भी कहा है कि यूक्रेन संकट का समाधान बातचीत है। हमारा मानना है कि इस युद्ध में कोई भी विजेता नहीं होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि इस वर्ष की मेरी पहली विदेश यात्रा जर्मनी में हो रही है। इस साल की शुरुआत में किसी विदेशी नेता से मेरी फोन पर पहली बातचीत चांसलर शोल्ज से ही हुई थी। किसी भी देश के साथ यह पहली आईजीसी बैठक है, यह दर्शाता है कि भारत और जर्मनी दोनों ही देश इस महत्वपूर्ण साझेदारी को कितना महत्व दे रहे हैं। लोकतांत्रिक देशों के तौर पर भारत और जर्मनी कई कॉमन मूल्यों को साझा करते हैं, इनके आधार पर हमारे द्वीपक्षीय संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। हमारी पिछलीआईजीसी 2019 में हुई थी, उसके बाद से विश्व में बड़े बदलाव हुए हैं।