अमेरिकी प्रदेश कैलिफोर्निया की राजधानी सैक्रामेंटों के व्यस्त इलाके में गोलीबारी में छह लोगों की मृत्यु हो गई और कम से कम नौ लोग घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. सैक्रामेंटो पुलिस विभाग ने कहा कि रविवार प्रातः काल गोलीबारी की घटना हुई. ट्विटर पर साझा किए गए वीडियो में लोग सड़कों पर भागते हुए नजर आए जबकि पृष्ठभूमि में गोलियां चलने की आवाजें आ रही थीं. मौके पर कई एंबुलेंस भी जाती हुई दिखीं.
पुलिस ने घटना के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी, लेकिन एक ट्वीट किया कि घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. फोन पर सैक्रामेंटो पुलिस से सम्पर्क किया गया लेकिन अब तक उत्तर नहीं मिला है. जिस स्थान गोलीबारी की घटना हुई वहां पर कई रेस्तरां और बारहैं. लोगों से घटनास्थल की तरफ जाने से परहेज करने को कहा गया है.