भोपाल. मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान 80 वर्ष का दलित बुजुर्ग डिप्टी कलेक्टर के पैरों पर गिर पड़ा. बुजुर्ग की करोड़ों की जमीन पर दबंगों ने वर्षों से कब्जा कर रखा है. उसने हाथ जोड़कर अधिकारी से जमीन का कब्जा वापस दिलाने के लिए विनती की. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल वीडियो में देखा जा रहा है कि अपनी व्यथा सुनाते हुए वह फूट-फूट कर रो भी पड़ा. उसने कहा कि जमीन दिलवा दो, आप ही जिले के मालिक हैं. डिप्टी कलेक्टर ने बुजुर्ग को ऐसा नहीं करने का कहते हुए कुर्सी पर बैठने को कहा. बुजुर्ग को इस प्रकार से विनती करते देख वहां उपस्थित लोग रेटुक हो गए.
जानकारी के मुताबिक शाजापुर के दलित किसान बद्रीलाल की 2 बीघा जमीन कृषि उपज मंडी के पास स्थित है. इस भूमि में से डेढ़ बीघा जमीन पर 2002 में चार फर्जी रजिस्ट्री के माध्यम से कब्जा कर लिया गया था.
जिसके बाद बद्रीलाल ने जिला प्रशासन के सामने गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. सुनवाई नहीं होने पर बद्रीलाल ने सिविल कोर्ट शाजापुर में वाद पंजीकृत किया और सिविल कोर्ट ने चारों रजिस्ट्री को शून्य घोषित कर दिया. हालांकि आज तक बद्रीलाल को अपनी जमीन पर कब्जा नहीं मिल सका है.