अगर आपको चांद तारों में रुचि है। अंतरिक्ष-ग्रहों के बारे में जानना पसंद है, तो अगला हफ्ता आपके लिए दिलचस्प होने वाला है। क्योंकि आपको आसमान में एक दुर्लभ चमत्कार देखने को मिल सकता है। 3 जून को सौर मंडल धरती से नजर आएगा और 6 ग्रह एक सीधी रेखा में दिखाई देंगे। खास बात ये कि आप धरती से इस अद्भुत नजारे को देख पाएंगे। द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, बुध, मंगल, बृहस्पति, शनि, नेपच्यून और यूरेनस इस परेड में शामिल होंगे। ऐसा तभी होता है, जब सारे ग्रह सूर्य के एक ही ओर जमा हो जाते हैं।
आसमान में इस दुर्लभ नजारे को देखने के लिए सोमवार की सुबह आपको दूरबीन लेकर तैयार रहना चाहिए। वारविक यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डैनी स्टीघ ने कहा, यह घटना पूरे विश्व में दिखाई देगी। सूर्योदय के आसपास यह अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। इसे ठीक से देखने के लिए कुछ उपकरणों की आवश्यकता होगी। यूरेनस और नेपच्यून धुंधले नजर आएंगे, इसलिए इन ग्रहों को देखने के लिए अच्छी दूरबीन की आवश्यकता होगी। बृहस्पति और बुध की सूर्य से निकटता के कारण उनकी चमक काफी कम दिखाई देगी।