G 20 समूह के नेताओं की बैठक का आज आखिरी दिन है। अंतिम दिन की बैठक प्रारंभ होने ले पहले सभी राष्ट्रों के राष्ट्राध्यक्ष राजघाट स्थित बापू की समाधि पर पुष्पांजलि करने पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी ने सभी नेताओं का खादी शॉल पहनाकर स्वागत किया। साथ ही प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी G 20 नेताओं को महात्मा गांधी से जुड़ी चीजों के बारे में जानकारी दी।
राजघाट स्थित महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करने पहुंचे नेताओं में राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक, मॉरीशस के पीएम प्रविंद कुमार जुगनाथ, बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना, ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज, सिंगापुर, नीदरलैंड, नाइजीरिया के पीएम सहित कई नेता उपस्थित रहे।
G20 समूह के नेताओं द्वारा बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक ट्वीट किया, पीएम ने लिखा कि “राजघाट पर जी 20 परिवार ने शांति, सेवा, करुणा और अहिंसा के प्रतीक महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। जैसे-जैसे विविध देश एकजुट हो रहे हैं, गांधी जी के शाश्वत आदर्श सामंजस्यपूर्ण, समावेशी और समृद्ध अंतरराष्ट्रीय भविष्य के लिए हमारी सामूहिक दृष्टि का मार्गदर्शन करते हैं।”