मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मथुरा में बरसाना पुलिस ने HDFC बैंक के असिस्टेंट मैनेजर और उसके एक साथी को अरैस्ट किया है। ये दोनों इटावा के जसवंतनगर में तैनात है। ये दोनों आरोपी उस समय धरे गए जब यह लोग इटावा से राजस्थान साइबर ठगों के पास डॉक्यूमेंट देने जा रहे थे। पुलिस की कड़ी पूछताछ में अरैस्ट ठगों ने अभी तक 18 खातों की जानकारी दी है। पकड़े गए दोनों आरोपी साइबर ठगों को खाते मौजूद कराया करते थे। इन खातों में ठग लोगों को चूना लगाते हुए रकम डलवाया करते थे जिसकी एवज में यह दोनों आरोपी ठगों से खातों में आई हुई रकम का 50-50 पर बंटवारा कर लिया करते थे।
दरअसल मथुरा की बरसाना पुलिस ने HDFC बैंक के असिस्टेंट मैनेजर को एक अन्य आरोपी के साथ अरैस्ट किया है। अरैस्ट असिस्टेंट मैनेजर बैंक में खाता खुलवाने आने वाले सीधे सादे लोगों का बहाने से आधार कार्ड और पैन कार्ड ले लेता था। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से फर्जी आधार कार्ड, बैंक एकाउंट किट आदि बरामद किया है। आरोपी इटावा से राजस्थान साइबर फ्रॉड के पास डॉक्यूमेंट देने जा रहे थे।
ऐसे चलता था ठगी का खेल
पुलिस की पकड़ में आए HDFC बैंक के असिस्टेंट मैनेजर विकास शर्मा और अमित सीधे सादे लोगों के बहाने से आधार कार्ड और पैन कार्ड ले लेते थे। इसके बाद यह लोग HDFC बैंक जसवंतनगर इटावा में उस आदमी के नाम से खाता खोल देते थे। खाते की केवाईसी करते समय उसमें अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी लिंक कर देते। एकाउंट में मोबाइल नंबर स्वयं का होने के कारण जिस आदमी के नाम से खाता खुलता उसको पता ही नहीं चलता। खाता खुलने के बाद विकास और अमित इसकी जानकारी साइबर फ्रॉड करने वाले टटलू राजस्थान निवासी जावेद को दे देते थे। इसके बाद साइबर फ्रॉड के माध्यम से इन खातों में रुपये मंगाए जाते थे। खाते में कम रुपये होने पर यह लोग एटीएम से स्वयं निकाल लेते, लेकिन बड़ी रकम होती तो उसे जसवंत नगर इटावा से वीड्रॉल किया करते थे।
एक खाते का एक से दो बार करते थे प्रयोग
असिस्टेंट मैनेजर विकास और अन्य आरोपी अमित एकाउंट किट और फर्जी आधार कार्ड को साइबर फ्रॉड जावेद को देने राजस्थान जा रहे थे। बरसाना होकर जा रहे आरोपियों के बारे में मुखबिर ने सूचना दी, जिसके बाद विकास और अमित को अरैस्ट कर लिया। पुलिस की पकड़ में आए विकास और अमित ने बताया कि फर्जी आधार कार्ड के जावेद प्रति कार्ड 500 रुपये और फर्जी एकाउंट के प्रति खाते 10 हजार रुपये देता था। यह आरोपी खाते में एक या दो बार फ्रॉड की रकम मंगाते और फिर उसे बंद कर देते थे।
आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई शुरू
पुलिस ने फिरोजाबाद के विकास बाजार निवासी विकास पुत्र शिवराम और आगरा के थाना जैतपुर क्षेत्र निवासी अमित सिंह पुत्र शिवराज सिंह के पास से 2 मोबाइल फोन,10 फर्जी HDFC बैंक की एकाउंट किट और 10 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। बैंक एकाउंट किट में पासबुक, चेकबुक, सक्रिय एटीएम कार्ड के अतिरिक्त अन्य डॉक्यूमेंट थे। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 420, 467, 468 और 471 में कार्रावई की है।