श्रीगंगानगर। भारत-पाक की सीमा (Indo-Pak International Border) पर स्थित श्रीगंगानगर जिले में बॉर्डर पार पाक से ड्रोन के जरिये हेरोइन स्मग्लिंग (Heroin smuggling) का नापाक खेल लगातार जारी है। भारत-पाकिस्तान की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर से श्रीकरणपुर सेक्टर में रविवार देर रात को पाक से ड्रोन के जरिये दो पैकेट हेरोइन ड्रॉप की गई है। दो पैकेट हेरोइन ड्राप किये जाने के बाद बीएसएफ के जवान पूरे एरिया की छानबीन करने में जुटे हुए हैं। इसके साथ ही संदिग्धों पर भी नजर रखी जा रही है। ड्रॉप की गई हेरोइन की मात्रा कितनी है इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
फिलहाल एक तरफ जहां बीएसएफ के जवान पूरे एरिया का गहन निरीक्षण करने में जुटे हैं वहीं दूसरी ओर पुलिस के द्वारा भी नाकेबंदी कर संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। इससे पहले 1 जून को भी श्रीगंगानगर जिले में पांच भारतीय तस्करों को अरैस्ट कर उनसे ढाई लाख रुपये की नगदी और लगभग साढ़े 6 किलो हेरोइन बरामद की गई थी। यह साढ़े 6 किलो हेरोइन भी सीमा पार पाक से ड्रोन के जरिये ड्रॉप की गई थी।
पहले इससे पहले अप्रेल के महीने में ड्रोन के जरिये पाक से हेरोइन की स्मग्लिंग भारतीय सीमा में करने का मामला सामने आया था। उसमें 5 क्षेत्रीय तस्करों को अरैस्ट किया गया था। पहले पाक पंजाब में ड्रोन के जरिये हेरोइन स्मग्लिंग कर रहा था। लेकिन उसके बाद में वहां कठोरता लागू किए जाने से अब पाकिस्तानी तस्करों की निगाहें राजस्थान के बॉर्डर पर हैं। अब वे यहां ड्रोन के जरिये हेरोइन की स्मग्लिंग को अंजाम दे रहे हैं।
राजस्थान से पंजाब पहुंचाई जाती है ये हेरोइन
भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में रहने वाले कुछ क्षेत्रीय स्मग्लर भी पाकिस्तानी तस्करों से मिले हुये हैं। पाकिस्तानी स्मग्लर वहां से हेरोइन भेजते हैं और यहां पर वे उसे रिसीव करके पंजाब पहुंचाते हैं। यह सिलसिला काफी समय से चल रहा है। हालांकि बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ नज़र करने में जुटे रहते हैं फिर भी पाकिस्तानी स्मग्लर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।