नई दिल्ली: टेस्ट क्रिकेट में जो रूट की बादशाहत समाप्त हो गई है. आईसीसी की ताजा रैंकिंग में न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन दुनिया के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं. इसके साथ ही एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में बहुत बढ़िया शतक लगाने वाले स्टीव स्मिथ ने भी चार जगह की लंबी छलांग लगाई है।
विलियमसन बने नंबर वन बल्लेबाज
केन विलियमसन ने टेस्ट क्रिकेट में जो रूट की बादशाहत समाप्त कर दी है। विलियमसन क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में दुनिया के नए नंबर एक बल्लेबाज बन गए हैं. एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच में शतक जड़कर जो रूट दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बन गए हैं। हालांकि रूट अधिक देर तक अपनी बादशाहत कायम नहीं रख सके। दूसरे टेस्ट में रूट के बल्ले से पहली पारी में 10 और दूसरी पारी में केवल 18 रन निकले, जिसके चलते वह अब पांचवें नंबर पर खिसक गए हैं।
इसका लाभ स्टीव स्मिथ को मिला
इसके साथ ही आईसीसी की ताजा रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने भी लंबी छलांग लगाई है. स्मिथ को लॉर्ड्स में शतक लगाने का पुरस्कार मिला है और अब वह दुनिया के नंबर दो बल्लेबाज हैं. स्मिथ और विलियमसन के बीच सिर्फ एक रेटिंग अंक का अंतर है. ऐसे में जब स्मिथ तीसरे टेस्ट में मैदान पर उतरेंगे तो उनकी नजर नंबर वन बल्लेबाज बनने पर होगी।
विलियमसन छठी बार नंबर एक बल्लेबाज बने
केन विलियमसन को छठी बार टेस्ट क्रिकेट में नंबर एक बल्लेबाज का ताज पहनाया गया है. विलियमसन 2015 में पहली बार दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बने थे। पूर्व कीवी कप्तान ने वर्ष 2021 तक क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में अपनी बादशाहत कायम रखी थी। विलियमसन अभी अपनी चोट से उबर रहे हैं। दरअसल, विलियमसन आईपीएल 2023 के दौरान फील्डिंग करते समय बुरी तरह घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी।