नई दिल्ली। आईपीएल…एक ऐसा मंच जहां दुनियाभर के क्रिकेटरों को नाम चमकाने का माैका मिलता है। साथ ही मोटा पैसा कमान का अवसर मिलता है। पिछले कुछ सालों से भारतीय टीम में कई खिलाड़ी आईपीएल के जरिए ही जगह बनाने में सफल हुए हैं। इस बार सीजन-15 में भी कुछ नए चेहरे चमक बिखेरते दिखे हैं। सीजन के 40वें मुकाबले में अब सभी को एक ऐसा खिलाड़ी चमकता हुआ दिखा, जिसे पहले शायद आप नहीं जानते होंगे। यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि शशांक सिंह है।
लगाए लगातार 3 छक्के
शशांक सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में शामिल हैं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ हुए मैच में उन्हें पहली बार बल्लेबाजी करने का माैका मिल पाया। शशांक 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने महज 6 गेंदों में ताबड़तोड़ 25 रन बना दिए, जिसमें 1 चाैका व 3 छक्के शामिल रहे। खास बात यह रही कि शशांक ने लगातार 3 छक्के मारे वो भी दुनिया के नामी गेंदबाज लाॅकी फर्ग्यूसन को। हैदराबाद की पारी का आखिरी ओवर लाॅकी फेंकने आए तो शशांक को ओवर की आखिरी तीन गेंदें खेलने को मिलीं। इन तीनों गेंदों पर शशांक ने लगातार तीन छक्के लगाकर टीम का स्कोर 6 विकेट पर 195 तक पहुंचाने में भूमिका निभाई।