वर्सोवा, 27 अप्रैल: रूस की रूबल में भुगतान की मांग खारिज होने के बाद बुधवार को उसने बुल्गारिया और पोलैंड को गैस की आपूर्ति रोक दी है। रूस का यह कदम यूरोपीय अर्थव्यवस्थाओं पर सीधा हमला माना जा रहा है। गैस आपूर्ति रोकने की घोषणा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उस बयान के बाद की गई जिसमें उन्होंने कहा था कि गैर-मित्र देशों को रूस की मुद्रा रूबल में गैस के लिए भुगतान करना होगा, लेकिन बुल्गारिया और पोलैंड ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था।
रूसी ऊर्जा कंपनी गजप्रोम की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उसे एक अप्रैल के बाद से पोलैंड और बुल्गारिया की ओर से कोई भुगतान नहीं मिला है और वह बुधवार से इन देशों को गैस की आपूर्ति रोक रही है। जैसा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक डिक्री में निर्धारित किया गया था। जिसका उद्देश्य रूसी अर्थव्यवस्था पर प्रतिबंधों के प्रभाव को नरम करना है। कंपनी ने कहा कि अगर ये देश दूसरे यूरोपीय उपभोक्ताओं को दी जाने वाली गैस लेना चाहते हैं तो उतनी मात्रा यूरोप को दी जाने गैस से कम कर दी जाएगी।