नई दिल्ली, 05 मई: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के शेयर बेचने को लेकर मोदी सरकार पर जबरदस्त हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो देश की सबसे ज्यादा मूल्यवान कंपनी है उसे कौड़ियों के दाम पर बेचा गया है। यही नहीं राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर एलआईसी की वैल्यू कम आंकने का आरोप लगाया है। बता दें कि एलआईसी के आईपीओ की मेंबरशिप प्रक्रिया बुधवार यानी 4 मई को खुदरा और संस्थागत निवेशकों के लिए खोली गई थी और इसे 9 मई को बंद कर दिया जाएगा।
राहुल गांधी ने गुरुवार को ट्वीट कर लिखा कि, 13.94 लाख कर्मचारी, 30 करोड़ पॉलिसीधारक, 39 लाख करोड़ की संपत्ति, शेयरधारकों को मिलने वाले रिटर्न के लिहाज से दुनिया की नंबर एक कंपनी। इसके बावजूद मोदी सरकार ने एलआईसी की कीमत कम तय की। राहुल गांधी ने पूछा, आखिर भारत की सबसे महंगी संपत्तियों में से एक कौड़ियों के भाव क्यों बेची जा रही है? जनधन लूट योजना।”
कांग्रेस ने पिछले मंगलवार को शेयरों के दाम पर भी सवाल उठाए थे और उनकी कीमत कम होने का आरोप लगाते हुए उन्हें 30 करोड़ पॉलिसीधारकों के भरोसे की कीमत पर कौड़ियों के दाम बेचने की बात कही थी।
एलआईसी ने निर्गम के लिए मूल्य दायरा 902-949 रुपया तय किया है। कुछ शेयर एलआईसी के कर्मचारियों एवं पॉलिसीधारकों के लिए भी आरक्षित रखे गए हैं। खुदरा निवेशक और पात्र कर्मचारियों को प्रति शेयर 45 रुपये की छूट मिलेगी जबकि पॉलिसीधारकों को 60 रुपये प्रति शेयर की छूट मिलेगी। भारतीय जीवन बीमा निगम के आईपीओ को बोली के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को शत-प्रतिशत प्रतिशत अभिदान मिल गया।