दार्जिलिंग, 05 मई: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में गुरुवार को केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी सरकार पर जमकर हमला बोला। अमित शाह ने यहां रेलवे इंस्टीट्यूट ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ममता सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य के लिए बीजेपी अपनी लड़ाई जारी रखेगी। रैली में अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी आपको 3 बार चुनने के बाद भी आप नहीं सुधर रही हैं, जब तक आप बंगाल की जनता पर अत्याचार, भ्रष्टाचार, कटमनी और सिंडिकेट का राज खत्म नहीं करेंगी, तब तक भाजपा अपनी लड़ाई चालू रखेगी।
वहीं बीरभूम मामले की जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि देशभर में कुछ भी होता है तो ममता दीदी टीएमसी का डेलीगेशन भेजती हैं। दीदी, बीरभूम में 8 महिलाओं और 1 बच्चे को जिंदा जला दिया गया, वहां आपने डेलीगेशन क्यों नहीं भेजा? बीरभूम वाले आपके लोग नहीं हैं क्या? शाह यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा, ‘ममता दीदी ने बंगाल को आर्थिक रूप से कंगाल कर दिया है। 1947 में बंगाल का देश की जीडीपी में 30% हिस्सा था, जो 2022 में घटकर 3.3% कर दिया गया। ममता दीदी क्या आप बंगाल की जनता को जवाब देंगी?