नई दिल्ली, 1 मई। केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार की खिंचाई की है। केंद्रीय बिजली मंत्री आरके सिंह ने दिल्ली के एसओएस पत्र का जवाब में दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन की ओर से दिए जा रहे विद्युत उत्पादन से जुड़े आंकड़ों को गलत बताया है। मंत्री आरके सिंह ने कहा कि कोयला भंडार के बारे में गलत आंकड़े फैलाकर दहशत पैदा करने की कोशिश की जा रही है।
दिल्ली के बिजली मंत्री सत्येंद्र जैन बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर गत गुरुवार को एक आपात बैठक की थी। जिसके बाद केंद्र को पत्र लिखकर दिल्ली को बिजली की आपूर्ति करने वाले बिजली संयंत्रों को पर्याप्त कोयले की उपलब्धता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया था। दिल्ली सरकार के मंत्री ने गुरुवार कह था कि दादरी-द्वितीय और ऊंचाहार बिजली स्टेशनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण दिल्ली मेट्रो और दिल्ली के सरकारी अस्पतालों समेत कई संस्थानों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति होने में समस्या आ सकती है। वहीं इसी मामले को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीट में कहा था कि देश में बिजली की भारी कमी है। सीएम ने कहा कि बिजली आपूर्ति को लेकर पूरे भारत में स्थिति बहुत गंभीर है।