इस्लामाबाद, 1 मई: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि नवाज शरीफ और शहबाज शरीफ के परिवार ने एक महिला को पैसे देकर उनके खिलाफ किताब लिखवाई थी। इमरान ने नाम लिए बिना अपनी पूर्व पत्नी रेहम की लिखी किताब की ओर इशारा करते हुए ये बात कही है। उन्होंने कहा कि शरीफ परिवार ने 2018 में एक महिला को पैसे देकर किताब लिखाई, ताकि उनकी बदनामी हो। उन्होंने कहा कि शरीफ परिवार के सत्ता में आने के बाद फिर से उनके चरित्र हनन की कोशिशें हो सकती हैं।
मुल्तान में एक रैली में इमरान खान ने कहा, जिन लोगों (शरीफ परिवार) ने 2018 के चुनावों में मेरे खिलाफ किताब लिखने के लिए एक महिला को पैसे दिए। वे ईद के बाद एक बार फिर मेरे चरित्र हनन की कोशिश करेंगे। उनसे मैं कह देना चाहता हूं कि जब तक जिंदा हूं, उनके खिलाफ लडूंगा।
बता दें कि इमरान खान की पूर्व पत्नी रेहम खान ने पाकिस्तान के 2018 के चुनावों के समय लिखी अपनी किताब में इमरान खान पर कई आरोप लगाए थे। उन्होंने कई इंटरव्यू में भी इमरान पर सवाल खड़े किए थे। 2018 के चुनाव जीतकर इमरान खान पाक के प्रधानमंत्री बने थे लेकिन हाल ही विपक्ष ने एकजुटता करते हुए उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उनको सत्ता से हटा दिया है। शहबाज शरीफ अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने हैं।