मुंबई, 4 जुलाई: बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी ने अपनी एक्टिंग से फैंस के दिलों में अपनी अलग जगह बना ली है। उनके सोशल मीडिया पर भी तगड़ी फैन फॉलोइंग है। लेकिन कियारा के एक फैन पर इस कदर दीवानापन छा गया कि वह एक्ट्रेस की बिल्डिंग में सीढ़ियों से चढ़कर उनके फ्लोर पर जा पहुंचा और उसके बाद जो हुआ उसने कियारा को डरा के रख दिया।
कियारा आडवाणी के फैन ने पार की सारी हदें
बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी का नाम अब पॉपुलर एक्ट्रेस में शामिल है। उन्होंने अभी तक अपने फिल्मी करियर में जबरदस्त एक्टिंग कर अपने टैलेंट को साबित किया है। यही वजह है कि आज उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है। लेकिन कईं बार सेलेब्स अपने फैंस के दिलों में इस कदर जगह बना लेते हैं कि उनसे मिलने के लिए फैंस किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार होते हैं। कुछ ऐसा ही कियारा आडवाणी के साथ भी हुआ।
कियारा ने बताया फैन का ये पागलपन
कियारा आडवाणी ने हाल ही में इंटरव्यू के दौरान एक ऐसी घटना का जिक्र किया जिसको जानने के बाद आप भी हैरान हो जाएंगे। कियारा ने अपने इस क्रेजी फैन की हरकत बताते हुए कहा कि, ‘एक आदमी ने मेरे लिए अब तक का सबसे पागलपन भरा काम किया है? उन्होंने कहा कि मैं यह नहीं बताउंगी कि मैं कौन सी मंजिल पर रहती हूं, लेकिन मैं काफी ऊपरी मंजिल पर रहती हूं और वह मुझसे मिलने मेरी बिल्डिंग की सीढ़ियों से चढ़कर आया’।