मुंबई, 4 जुलाई: बॉलीवुड एक्टर आर माधवन इन दिनों अपनी फिल्म ‘रॉकेट्री द नांबी इफेक्ट’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म शुक्रवार यानी 1 जुलाई को सभी सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म को लेकर फैंस सोशल मीडिया के जरिए जमकर तारीफ कर रहे हैं। इसी क्रम में अब बॉलीवुड सेलेब्स भी ट्वीट कर फिल्म की कहानी और आर माधवन की एक्टिंग की भी तारीफ कर रहे हैं। बता दें कि अब तमिल फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत ने भी इस फिल्म की जमकर सराहना की।
रजनीकांत ने की फिल्म की तारीफ
रजनीकांत ने सोशल मीडिया पर तमिल भाषा में एक ट्वीट शेयर किया। रजनीकांत ने ट्वीट शेयर कर सभी से खासतौर से युवाओं से फिल्म देखने को कहा। उन्होंने पोस्ट शेयर कर लिखा, ‘रॉकेट्री हर व्यक्ति खासतौर पर युवाओं के लिए मस्ट वॉच मूवी है। मिस्टर पद्म भूषण जिन्होंने हमारे देश के स्पेस रिसर्च के विकास के लिए काफी कठिनाइयों का सामना किया और बलिदान दिया। नांबी नारायणन की कहानी को वास्तविक तौर पर पेश करके माधवन डायरेक्टर के तौर पर अपनी पहली ही फिल्म से बेस्ट डायरेक्टर्स में शामिल हो चुके हैं। ऐसी बेहतरीन फिल्म देने के लिए मैं उनकी सराहना करता हूं और उन्हें धन्यवाद देता हूं।’