उदयपुर. अपने अलग काम के कारण पहचाने जाने वाले बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार ने फिर एक बड़ा काम किया है. यहां एक हॉस्टल बनाने के लिए उन्होंने एक करोड़ रुपए की राशि दान की है. अक्षय इन दिनों अपनी फिल्म खेल खेल में की शूटिंग के सिलसिले में लेक सिटी आए हुए हैं. वो जिस होटल में ठहरे हैं वहां बाहरी लोगों की एंट्री बैन है. होटल कर्मचारियों के फोन कैमरे भी स्टिकर लगाकर ब्लॉक कर दिए गए हैं.
बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार अपने समाजसेवी कार्यो के लिए भी पहचाने जाते हैं. बुधवार को अक्षय खेरवाड़ा स्थित वनवासी कल्याण परिषद के छात्रावास पहुंचे. उन्होंने छात्रों के साथ पूजा अर्चना की. छात्रों से उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली. उसके बाद उन्होंने वनवासी छात्रावास भवन निर्माण के लिए एक करोड रुपए की राशि डोनेट की.