Yoga Do And Don’ts: व्यायाम या योगाभ्यास करने से शरीर को गर्माहट मिलती है. इससे शरीर में ऊर्जा का संचार होता है, जिससे तापमान बढ़ जाता है. ऐसे में योग के तुरंत बाद कुछ काम कभी नहीं करने चाहिए. योग या व्यायाम शरीर और मस्तिष्क दोनों की स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है. हालांकि गलत ढंग से किया गया अभ्यास स्वास्थ्य को हानि पहुंचा सकता है. इतना ही नहीं योगासन या वर्कआउट के बाद कुछ कार्य करने से भी स्वास्थ्य पर गलत असर पड़ सकता है. इसमें से एक है व्यायाम या योग के तुरंत बाद नहाना.
अक्सर लोग सुबह वर्कआउट या योग करने के तुरंत बाद पानी पी लेते हैं या नाश्ता करते हैं. जानकार अधिक शारीरिक सक्रियता होने पर तुरंत पानी पीने या खाने से इंकार करते हैं. यही राय स्नान के लिए भी दी जाती है. योग या व्यायाम करने के तुरंत बाद कभी नहाना नहीं चाहिए. आइए जानते हैं इसका कारण और योग के कितने देर बाद स्नान करें.
योग के बाद कब नहाएं
व्यायाम या योगाभ्यास करने के कम से कम 30 मिनट बाद नहाना चाहिए. योग करने से बिल्कुल पहले या तुरंत बाद कभी नहीं नहाना चाहिए.
कारण
योग करने से शरीर में जिस ऊर्जा का संचार होता है, नहाने से वह ऊर्जा प्रभावित होती है. जानकार ये भी मानते हैं कि योग करने से शरीर में कभी गर्माहट तो कभी ठंडक होती है और तुरंत नहाने से शरीर का तापमान बिगड़ सकता है.
योग के बाद नहाने के नुकसान
योगाभ्यास के तुरंत बाद नहाने से वात-पित्त और कफ की परेशानी हो सकती है. तापमान में बदलाव होने से सर्दी जुकाम की कम्पलेन भी हो सकती है.
योग से पहले नहाना
योग से पहले नहाने से शरीर की थकान को कम करके आंतरिक ऊर्जा और ध्यान को बढ़ाया जा सकता है. इससे अधिक ध्यान और ऊर्जा के साथ योग कर पाते हैं. हालांकि योगाभ्यास से तुरंत पहले न नहाएं. योग करने से 30 मिनट पहले आप नहा सकते हैं.
योग के तुरंत बाद क्या न करें
योग करने से शरीर में ऊर्जा पैदा होती है और पसीना आता है. तुरंत नहाने से पाचन तंत्र कमजोर हो सकता है.
योग के तुरंत बाद पानी पीने से पेट में अकड़न, दर्द और जी मिचलाने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. योगाभ्यास के 20 मिनट बाद धीरे-धीरे पानी पीएं.
योग करने के कम से कम एक घंटे बाद ही कुछ पौष्टिक आहार का सेवन करना चाहिए. वहीं तेल,मसालेदार और फ्राइड खाने से परहेज करना चाहिए.