कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) बुधवार को पार्टी के नए अध्यक्ष निर्वाचित हो गए. उनके प्रतिद्वंद्वी रहे शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने चुनाव नतीजों की आधिकारिक घोषणा से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली और उन्हें शुभकामना दी. पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण (Central Election Authority) की ओर से कुछ देर बाद नतीजों की घोषणा की जाएगी. थरूर ने एक बयान में कहा, आखिरी निर्णय खड़गे के पक्ष में रहा, कांग्रेस पार्टी चुनाव में उनकी जीत के लिए मैं उन्हें हार्दिक शुभकामना देना चाहता हूं.
कांग्रेस (Congress) अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं समेत करीब 9500 डेलीगेट (निर्वाचक मंडल के सदस्यों) ने पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान किया था. पार्टी मुख्यालय में मतगणना बुधवार सुबह निर्धारित समय 10 बजे के कुछ देर बाद 10.20 बजे शुरुआत हुई थी. इस मौके पर अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर के प्रस्तावक सांसद कार्ति चिदंबरम और कुछ अन्य चुनावी एजेंट उपस्थित थे. खरगे की तरफ से सांसद सैयद नासिर हुसैन और कुछ अन्य नेता उपस्थित थे