नई दिल्ली: गणेश चतुर्थी के पर्व पर पीएम नरेंद्र मोदी बुधवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के आवास पर पहुंचे. यहां उन्होंने गणपति बप्पा का आशीर्वाद मांगा और आरती भी उतारी. इस दौरान प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने नारंगी रंग के कुर्ते और सफेद धोती में नज़र आए. साथ ही उन्होंने अपने कंधों पर चमकीले नारंगी रंग का ‘अंगवस्त्रम’ भी ले रखा था.
आरती से पहले प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के घर पर एकत्रित हुए लोगों का अभिवादन भी किया और उन्होंने शुभकामनाएं दीं. कांग्रेस पार्टी नेता और पेशे से वकील अभिषेक मनु सिंघवी और व्यवसायी सुनील भारती मित्तल भी वहां पूजा में शामिल हुए. गणेश पूजा की फोटोज़ शेयर करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि, ‘गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर अपने सहयोगी पीयूष गोयल जी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुआ. भगवान श्री गणेश की कृपा हम पर सदैव बनी रहे.’
बता दें कि इससे पहले दिन में प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने गणेश चतुर्थी के मौके पर लोगों को शुभकामना देते हुए कामना की, कि राष्ट्र के लोगों में दया और भाईचारे की भावना हमेशा बनी रहे. इसके साथ ही प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक संस्कृत श्लोक साझा किया और लिखा, ‘गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं. भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद हम पर हमेशा बना रहे.’