लंदन:
एक हालिया सर्वेक्षण से खुलासा हुआ है कि लगभग दो-तिहाई ब्रिटिश ड्यूक एंड डचेज ऑफ ससेक्स प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल को कतई पसंद नहीं करते हैं और उन्हें इस शाही जोड़े के प्रति रत्ती भर भी ‘सहानुभूति’ नहीं है। अंतरराष्ट्रीय राय जुटाने के मुद्दे में अग्रणी संस्था यूगाव डेटा फर्म द्वारा मंगलवार को किए गए सर्वेक्षण में 2,627 में से 47 प्रतिशत वयस्क लोगों ने बेबाकी से स्वीकार किया कि प्रिंस हैरी (Prince Harry) और मेगन मर्केल (Meghan Markle) के लिए जरा भी सहानुभूति नहीं है। इसके अतिरिक्त 22 प्रतिशत लोगों ने माना कि वे उनके बारे में ‘बहुत अधिक महसूस’ नहीं करते। हालांकि 22 प्रतिशत लोगों को इस शाही जोड़े से ‘ठीक-ठाक’ या ‘बहुत’ सहानुभूति है। सर्वेक्षण में शामिल 13 प्रतिशत लोगों ने तटस्थ रहते हुए कोई राय नहीं दी। न्यूजवीक मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार सितंबर के पहले सप्ताह में मेगन मर्केल के ब्रिटेन और जर्मनी दौरे पर जाने की घोषणा के ऐन बाद इस सर्वेक्षण को किया गया है।
सर्वेक्षण में मेगन मर्केल की छवि ‘नकारात्मक’
निजी रैंकिंग के आधार पर ब्रिटेन में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय लोकप्रियता के मुद्दे में शीर्ष पर हैं। उनके बाद केट मिडल्टन, प्रिंस विलियम, स्वर्गीय प्रिंस फिलिप और महारानी की बेटी प्रिंसेस ऐन का नंबर आता है। शाही खिताब के दावेदार से दूरी बनाने और फिर ब्रिटेन छोड़ अमेरिका जाकर बसने के फैसला के बाद प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल की लोकप्रियता में जबर्दस्त गिरावट आई है। इस स्थिति को बद्तर बनाने का काम किया मार्च 2021 में ओप्रा विन्फ्रे को दिए इंटरव्यू और फिर उसी वर्ष प्रकाशित ‘हैरी मेमॉयर’ पुस्तक ने। सर्वेक्षण के हालिया रिज़ल्ट शाही जोड़े की लोकप्रियता में मई के बाद आई और गिरावट को दर्शाते हैं। उल्लेखनीय है कि शाही खिताब से दूरी बनाने के बाद यह जोड़ा महारानी के प्लेटिनम जुबली कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ब्रिटेन आया था। मेगन मर्केल की तो अमेरिका जाकर बसने के बाद ब्रिटेन की यह पहली यात्रा थी। न्यूजवीक मीडिया के मुताबिक मई में कराए गए सर्वेक्षण में 65 प्रतिशत ब्रिटेन वासियों की नजर में मेगन मर्केल की छवि ‘नकारात्मक’ थी। इसके उलट महज 23 प्रतिशत लोगों ने मेगन की छवि को ‘सकारात्मक’ माना था। 11 प्रतिशत ने ‘नहीं जानता’ का विकल्प चुनना बेहतर समझा था। इस सर्वेक्षण के बाद मेगन मर्केल का समग्र पॉजिटिव स्कोर माइनस 42 पर पहुंच गया था, जो उनकी अब तक की सबसे कमतर रैंकिंग है।