नयी दिल्ली, 9 अगस्त (एजेंसी)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास कुल 2.23 करोड़ रुपये की संपत्ति है और इनमें अधिकतर बैंकों में जमा राशि है. हालांकि उनके पास कोई भी अचल संपत्ति नहीं है क्योंकि उन्होंने गांधीनगर में अपने हिस्से की एक जमीन दान कर दी थी. पीएम कार्यालय (पीएमओ) की वेबसाइट पर दी गई ताजा जानकारी के अनुसार मोदी का बॉन्ड, शेयर या म्यूचुअल फंड में कोई निवेश नहीं है, लेकिन उनके पास सोने की चार अंगूठी हैं, जिनकी मूल्य 1.73 लाख रुपये है.
राजनाथ सहित 29 मंत्रियों ने घोषित की संपत्ति
प्रधानमंत्री मोदी के मंत्रिमंडल के जिन अन्य सहयोगियों ने अपनी संपत्ति की घोषणा की है, उनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हैं. सिंह के पास 31 मार्च 2022 की स्थिति के मुताबिक 2.54 करोड़ रुपये की चल और 2.97 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. मोदी मंत्रिमंडल के सभी 29 सदस्यों में धर्मेंद्र प्रधान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, आर के सिंह, हरदीप सिंह पुरी, पुरषोत्तम रुपाला और जी रेड्डी ने अपनी और अपने आश्रितों की संपत्ति घोषित की है. पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भी पिछले वित्तीय साल की अपनी संपत्ति की घोषणा की है. उन्होंने जुलाई में पद से इस्तीफा दे दिया था.