नई दिल्ली: 1 जुलाई से भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में रिशेड्यूल टेस्ट मैच खेला जाना है। इस अहम मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर दी। इस खबर ने मानों क्रिकेट के गलियारों में खलबली मचा दी। सभी के जहन में ये सवाल था कि अब इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट में कौन ओपन करेगा और कप्तानी की जिम्मेदारी किसको सौंपी जाएगी? हालांकि, इसी बीच रोहित शर्मा ने खुद अपनी फोटो शेयर कर फैंस के चिंता को थोड़ा सा कम कर दिया है।
सामने आई रोहित की पहली फोटो
कोरोना पॉजिटिव होने के बाद भारतीय कप्तान का पहला रिएक्शन सोमवार की देर शाम को सामने आया। रोहित ने होटल के कमरे से अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर खुद की एक मुस्कुराती हुई सेल्फी शेयर की। रोहित फिलहाल आइसोलेशन में हैं और BCCI की मे मेडिकल टीम उनकी देखरेख कर रही है। टीम इंडिया के कैप्टन ने खुद अपनी फोटो शेयर कर फैंस को अपने जल्दी फिट होने के बड़े संकेत दिए हैं। उनकी इस पोस्ट के बाद ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि वह एजबेस्टन टेस्ट से पहले अपनी फिटनेस हासिल कर लेंगे।