नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच 1 जुलाई से रिशेड्यूल टेस्ट मैच खेला जाना है। हालांकि, इस अहम मुकाबले से पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रोहित को कोविड होने के बाद उनके टेस्ट मैच में खेलने पर सस्पेंस बन गया है। भारत और इंग्लैंड के बीच ये टेस्ट मैच एजबेस्टन, बर्मिंघम के मैदान पर खेला जाएगा। ये मुकाबला पिछले साल खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का हिस्सा है। इसी बीच पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ने चयनकर्ताओं पर सवाल खड़े किए हैं।
वीरू ने उठाए गंभीर सवाल
सहवाग का ऐसा मानना है कि कोरोना को ध्यान में रखते हुए क्यों चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड दौरे के लिए कोई बैकअप ओपनर नहीं चुना। सोनी सिक्स नेटवर्क पर भारत बनाम आयरलैंड मैच की एस्ट्रा इनिंग शो पर सहवाग ने कहा- “मुझे लगता है कि चयनकर्ताओं की ओर से बड़ी गलती हुई, क्योंकि उन्होंने दौरे के लिए बैकअप के रूप में एक अतिरिक्त सलामी बल्लेबाज को नहीं चुना। क्योंकि सभी को लगता था कि रोहित शर्मा फिट हैं, शुभमन गिल फिट हैं। क्योंकि सभी को लगता था कि रोहित फिट हैं, शुभमन गिल फिट हैं।”
सहवाग ने आगे कहा, ”मौजूदा समय में कोरोना के दौर में हमेशा एक या दो अतिरिक्त खिलाड़ी जाते हैं, आपके पास 20-22 अतिरिक्त खिलाड़ी होते हैं। यदि आपके पास 22 सदस्यीय टीम है और आपके पास अतिरिक्त सलामी बल्लेबाज नहीं है, तो यह आपकी ओर से एक बड़ी गलती है।”