गुवाहाटी: राजस्व खुफिया निदेशालय और अन्य एजेंसियां सोने की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए तमाम ढंग अपना रही है। दूसरी ओर तस्करी में लिप्त तस्कर भी ‘तू डाल-डाल, मैं पात-पात’ की तर्ज पर नए नए हथकंडे अपना रहे हैं। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने असम में सोने की एक बड़ी खेप पकड़ी है जो म्यांमार से ऑयल के टैंकर के जरिए गुवाहाटी लाई जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, तस्करी कर असम लाए गए सोने की बाजार में कीमत 8.38 करोड़ रुपये बताई जा रही है। DRI की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया सोना 15.93 किलोग्राम है। इसकी तस्करी संगठित ढंग से की जा रही थी। तस्करों ने इसे ‘गोल्ड ऑन हाईवे’ कोड नाम दिया था। ये विदेशी सोना 12 मई को गुवाहाटी और दीमापुर से बरामद किया गया है।