नई दिल्ली, 28 अप्रैल: वित्त संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने दुनिया के प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और सर्च इंजनों के प्रतिनिधियों को उनकी प्रतिस्पर्धी गतिविधियों से संबंधित मुद्दों पर तलब किया है। संसदीय समिति द्वारा तलब की गई कंपनियों में गूगल, अमेजन, फेसबुक, ट्विटर समेत अन्य प्रौद्योगिकी कंपनियां शामिल हैं। गैर-प्रतिस्पर्धी आचरण को लेकर कई प्रमुख वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों के खिलाफ भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) की जांच के बीच समिति ने यह कदम उठाया है।
गूगल, फेसबुक, ट्विटर, एप्पल, अमेजन, फ्लिपकार्ट और माइक्रोसॉफ्ट को अगली बैठक में तलब किए जाने की संभावना है। वित्त पर संसद की स्थायी समिति की अगली बैठक 12 मई को हो सकती है। समिति के सदस्यों ने सीसीआई द्वारा इस बारे में रखी गयी बातों पर विस्तार से चर्चा की। नियामक ने समिति से कहा कि वह ‘डिजिटल बाजार और आंकड़ा इकाई’ गठित कर रहा है। इसका उद्देश्य बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों की गैर-प्रतिस्पर्धी गतिविधियों से प्रभावी तरीके से निपटना तथा सीसीआई कानून में संशोधन को लेकर नया विधेयक लाना है।