नई दिल्ली, 28 अप्रैल: रूस ने अब जंग के मैदान में डॉल्फिन को उतार दिया है। रूसी सेना ने काला सागर में मौजूद अपने नौसैनिक अड्डे की सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित मिलिट्री डॉल्फिन को तैनात किया है। यूएस नेवल इंस्टीट्यूटने दावा किया है कि यूक्रेन युद्ध के दौरान काला सागर में अपने नौसैनिक अड्डे की सुरक्षा के लिए रूस ने प्रशिक्षित डॉल्फिन्स को तैनात किया है। रूसी नौसेना ने सेवस्तोपोल बंदरगाह के एंट्री गेट पर दो डॉल्फिन पेन रखे हैं।
सेवस्तोपोल बंदरगाह के एंट्री गेट पर दो डॉल्फिन तैनात
द गार्जियन ने बताया कि यूएस नेवल इंस्टीट्यूट (यूएसएनआई) ने सेवस्तोपोल बंदरगाह पर नौसैनिक अड्डे की उपग्रह इमेजरी की समीक्षा की। जिसमें उन्होंने पाया कि फरवरी में यूक्रेन पर मास्को के आक्रमण की शुरुआत में दो डॉल्फिन पेन को बेस में ले जाया गया था। सेवस्तोपोल काला सागर में रूसी नौसेना का सबसे प्रमुख नौसैनिक अड्डा है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इन डॉल्फिन को ऐसे ट्रेंड किया गया है कि वे समुद्र के अंदर की हर हरकत पर नजर रखती हैं, साथ ही खुफिया मिशन को अंजाम दे सकती हैं।