लोकसभा में नवनिर्वाचित सांसदों ने शपथ ले ली है. गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा का संयुक्त सत्र हुआ जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संबोधित किया. सत्र के खत्म होने के बाद पीएम मोदी ने गुरुवार को एनडीए के सहयोगी दल, जनता दल यूनाइटेड के सांसदों से मुलाकात की है. इनके साथ जेडीयू के वरिष्ठ सांसद ललन सिंह भी उपस्थित थे. आइए जानते हैं कि प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस मुलाकात के बारे में क्या जानकारी दी है.
नीतीश की सराहना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जेडीयू के सांसदों से मुलाकात के दौरान बिहार के सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना की है. प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जेडीयू के सांसदों के साथ बैठक बहुत अच्छी रही. हमारी पार्टियों का साथ मिलकर काम करने और बिहार में खराब शासन, करप्शन और अपराधीकरण के विरुद्ध संघर्ष करने का लंबा इतिहास रहा है. नीतीश कुमार जी के नेतृत्व ने बिहार को विकास के पथ पर अग्रसर किया है. हम सुशासन के लिए मिलकर काम करते रहेंगे.
एनडीए की प्रमुख दल है जेडीयू
आपको बता दें कि बीजेपी और जेडीयू ने साथ मिलकर बिहार में लोकसभा चुनाव लड़ा था. लोकसभा में 12 सांसदों के साथ जद(यू) बीजेपी की दूसरी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी है. इसे पहले प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को तेलुगू देशम पार्टी के सांसदों से मिले थे. लोकसभा में टीडीपी के 16 सांसद हैं. केंद्रीय तैबिनेट में टीडीपी और जेडीयू के दो-दो सांसद हैं.
बैठक में क्या हुआ?
जानकारी के मुताबिक, जदयू के नवनिर्वाचित सांसदों ने पीएम नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की है. इस दौरान बिहार मे पूरा विकास को लेकर विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा हुई और जनता दल (यूनाइटेड) के सांसदों ने पीएम के नेतृत्व में हिंदुस्तान को विकसित देश बनाने में समर्पित रहने के संकल्प को दोहराया.