इस्लामाबादः पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार बहुत बड़े राजनीतिक संकट से गुजर रही है। माना जा रहा है कि अब इमरान खान की कुर्सी जाना तय है । विपक्ष इमरान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला रहा जिस पर 28 मार्च को वोटिंग होनी है। लेकिन आर्मी चीफ ने इससे पहले ही उन्हें इस्तीफा देने का आदेश दे दिया है। इस बीच बड़ी खबर सामने आई है कि इमरान खान सत्ता संकट में घिरते ही उनके करीबियों ने पाकिस्तान छोड़ना शुरू कर दिया है।
खान के पूर्व एडवाइजर शहजाद अकबर, चीफ सेक्रेटरी आजम खान और पूर्व चीफ जस्टिस गुलजार अहमद देश छोड़ कर जा चुके हैं। इमरान के इन करीबियों को लगता है कि तख्तापलट होने के बाद इनकी मुश्किलों में इजाफा हो सकता है, इसलिए सभी पाकिस्तान छोड़कर भाग गए हैं। 25 या 28 मार्च को संसद में नो कॉन्फिडेंस मोशन यानी अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि इमरान फ्लोर टेस्ट के पहले ही इस्तीफा दे देंगे। ये भी कयास हैं कि वो संसद में भाषण के बाद कुर्सी छोड़ेंगे। बहरहाल, खान कुर्सी छोड़ें या न छोड़ें, उनके पूर्व करीबी मुल्क जरूर छोड़ने लगे हैं। खास बात ये है कि पाकिस्तान के कई जर्नलिस्ट इस बारे में पहले ही आशंका जता रहे थे।