मालदीव में कई दिनों तक रहने के बाद चीन का जासूसी जहाज अब वापसी के लिए रवाना हो गया है। अनुसंधान के नाम पर मालदीव गया यह चीनी जहाज जासूसी के लिए बदनाम है। इसलिए इसके मालदीव जाते ही भारत चिंतित हो उठा था। यह पिछले सप्ताह मालदीव के एक बंदरगाह पर पहुंचा था। 4500 टन वजनी उच्च प्रौद्योगिकी से लैस चीन का अनुसंधान जहाज मालदीव की तट से अब रवाना हो गया है। स्थानीय मीडिया ने बुधवार को यह खबर दी। आधिकारिक रूप से जियांग यांग हांग थ्री नामक यह चीनी जहाज ने ‘‘कर्मियों को बदलने और आपूर्ति के लिए’ के लिए बंदरगाह पर लंगर डाला था।
अंतरराष्ट्रीय मीडिया के अनुसार, ‘‘22 फरवरी से माले में लंगर डालने के बाद जियांग यांग हांग थ्री मालदीव विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र की सीमा पर लौट गया है। लेकिन माले बंदरगाह से रवाना हो जाने के बाद भी दो दिन पहले ट्रैकिंग साइटों पर इस जहाज का आखिरी सिग्नल हुलहुमाले के समीप नजर आया।’’ हुलमुमाले माले के उत्तर पूर्व में 10 किलोमीटर से भी कम दूरी पर है। यह जहाज 23 फरवरी को थिलाफुशी पर रूका था जो माले से पश्चिम में करीब साढ़े सात किलोमीटर दूर है। न्यूज पोर्टल ने कहा, ‘‘ ऐसी संभावना है कि इस जहाज ने ट्रैकिंग प्रणाली बंद कर दी हो जैसा उसने 22 फरवरी को इंडोनिया के तट के पास जावा समुद्री क्षेत्र से माले रवाना होते हुए किया था।