उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन रूस की 6 दिवसीय यात्रा समाप्त करने के बाद स्वदेश रवाना हो गए हैं। किम जोंग उन अपनी बख्तरबंद ट्रेन से मंगलवार को रूस के पूर्वी क्षेत्र व्लादिवोस्तक पहुंचे थे। रूस की सरकारी मीडिया एजेंसी ‘आरआईए’ ने बताया कि रविवार को किम को विदाई दी गई।
अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन को रूस की यात्रा पर एक क्षेत्रीय गवर्नर से उपहार के रूप में 5 कामिकाजे ड्रोन, एक जेरान-25 टोही ड्रोन, एक बुलेटप्रूफ जैकेट और थर्मल कैमरों द्वारा पहचाने न जाने वाले विशेष कपड़े मिले हैं।
शनिवार को किम जोंग ने व्लादिवोस्तोक में रूसी रक्षा मंत्री से मुलाकात की, जहां उन्होंने हाइपरसोनिक मिसाइल सिस्टम समेत अत्याधुनिक हथियारों का निरीक्षण किया था। इनमें Tu-160, Tu-95 और Tu-22M3 शामिल थे। रूस में सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को किम ने व्लादिवोस्तोक बंदरगाह के उत्तर में स्थित अर्टोम शहर में अपनी बख्तरबंद ट्रेन में सवार होकर रूसी सुदूर पूर्व की अपनी यात्रा समाप्त की और घर की लंबी यात्रा पर निकल पड़े। अर्टोम उत्तर कोरिया के साथ रूस की सीमा पर खासन स्टेशन से लगभग 254 किमी दूर है।