न्यूयॉर्क, 28 जून: नासा ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है, जो खूब तहलका मचा रहा है। यह तस्वीर है सूर्य और शुक्र के तस्वीर की जो एक साथ नजर आ रहे हैं। ऐसी दुर्लभ खगोलीय घटनाएं सदियों में होती हैं। वैज्ञानिकों की भाषा में यह ट्रांजिट या पारगमन की प्रक्रिया है, जिसे दूरबीन से कैद करने के लिए वैज्ञानिक वर्षों तक इंतजार करते रहते हैं। नासा ने इस पूरी घटना का महत्त्व बताते हुए यह भी जानकारी दी है कि अब ऐसा दुर्लभ नजारा देखने का मौका उन्हें कब मिलेगा और इन घटनाओं से उन्हें किन चीजों के बारे में समझने में मदद मिलती है।(पहली तस्वीर सौजन्य: नासा के इंस्टाग्राम से)
सूर्य और शुक्र की एकसाथ दुर्लभ तस्वीर
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा सोशल मीडिया के कई तरह के प्लेटफॉर्म पर सक्रिय है। यह अक्सर पृथ्वी से बाहर की दुनिया की ऐसी तस्वीरें और उनकी जानकारियां शेयर करता है, जो लोगों को चौंका देते हैं। क्योंकि, इससे पता चलता है कि धरती के बाहर की दुनिया भी कितनी खूबसूरत और रहस्यों से भरी हुई है। इसी कड़ी में नासा ने एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है, जो कि ‘दुर्लभ खगोलीय घटनाओं में से एक है।’ यह घटना सूर्य और शुक्र के साथ करीब एक दशक पहले घट चुकी है, लेकिन इस तस्वीर को शेयर कर उसने बताया है कि यह दिलचस्प और दुर्लभ घटना अब करीब 100 साल बाद फिर से घटित होगी।