France Drug Trafficking: फ्रांस के उत्तरी तट पर कुल 2.3 टन कोकीन से भरे सीलबंद बैग बह कर आए हैं। इस खोज के बारे में जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया कि नॉरमैंडी इंग्लिश चैनल के तट पर रविवार को और बुधवार को ड्रग्स से भरे बैग पाए गए।
न्यूज एजेंसी ने बताया कि कोकीन का कुल बाजार मूल्य 150 मिलियन यूरो (159 मिलियन $ या (13,09,81,09,950 रुपये) आंका गया है।
850 किलो के बैग बरामद
रविवार को, नॉरमैंडी के उत्तरी सिरे के पास रेविल समुद्र तट पर कुल 850 किलो के कई बैग पाए गए, और बुधवार को विक्क-सुर-मेर के पास के समुद्र तट पर छह और बैग पाए गए।
पुलिस नहीं पता लगा पा रही सुराग
मामले की जांच से जुड़े सूत्रों ने बताया कि पुलिस अभी भी अनिश्चित है कि कोकीन कहां से आया – क्या तस्करों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए जानबूझकर इसे पानी में फेंक दिया, या यह उनकी नावों से गिर गया।
स्थानीय समुद्री ऑफिसरों ने बोला कि उन्होंने विमान से ‘विशेष निगरानी’ की है और गुरुवार दोपहर तक कोई और ड्रग्स नहीं देखी गई।
2019 में भी हुई थी ऐसी घटना
पिछली बार 2019 में फ्रांसीसी तट पर कोकीन की एक बड़ी खेप मिली थी, जब पूरे फ्रांसीसी अटलांटिक तट पर कुल 1.6 टन कोकीन बिखरा हुआ पाया गया था।
यूरोप में बढ़ी ड्रग्स तस्करी
सरकार ने बुधवार को बोला कि उसने पिछले वर्ष 27 टन कोकीन बरामद किया था, पिछले 10 सालों में पांच गुना वृद्धि हुई है, दरअसल यूरोप स्मग्लिंग और नशीली दवाओं के इस्तेमाल में वृद्धि का सामना कर रहा है।
आंतरिक मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2021 की तुलना में पिछले वर्ष बरामदगी में पांच फीसदी की वृद्धि हुई थी, जिसमें आधे से अधिक नशीले पदार्थ वेस्ट इंडीज और फ्रांस के गरीबी से जूझ रहे दक्षिण अमेरिकी क्षेत्र गुयाना से आ रहे थे।
अवैध व्यापार बढ़ जाने के बाद से अधिकतर कोकीन अब रॉटरडैम, एंटवर्प, हैम्बर्ग और फ्रांस के ले हावरे जैसे उत्तरी बंदरगाहों के माध्यम से यूरोप में आती है।