Rishi Sunak on Janmashtami: ब्रिटेन के पीएम पद के उम्मीदवार ऋषि सुनक इन दिनों अपने चुनावी कैंपेन में काफी व्यस्त हैं. हालांकि इतनी व्यस्तता के बावजूद उन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर समय निकाला और लंदन के बाहरी क्षेत्र में स्थित हरे कृष्ण मंदिर पहुंच गए. बता दें कि सुनक ने ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ का सदस्य बनने पर ‘भगवद्गीता’ के नाम पर शपथ ग्रहण की थी. उन्होंने कई बार बोला भी है कि हिंदू धर्म में आस्था से उन्हें ताकत मिलती है. यदि सुनक ब्रिटेन के पीएम पद पर पहुंचते हैं तो ऐसा करने वाले वह भारतीय मूल के पहले आदमी और पहले हिंदू होंगे.
ट्वीट की पत्नी के साथ दर्शन की तस्वीर
अफ्रीका से ब्रिटेन पहुंचे थे सुनक के माता-पिता
टोरी के नेतृत्व की दौड़ में सुनक का समर्थन कर रहे कंजर्वेटिव पार्टी के नेता एवं हर्ट्समेरे से सांसद ओलिवर डोडेन ने कहा, ‘भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाने वाले हिंदू त्योहार जन्माष्टमी के लिए हर्ट्समेरे के भक्तिवेदांत मनोर मंदिर में आज ऋषि सुनक का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है. हर्ट्समेरे में सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं.’ चिकित्सक यशवीर और फार्मासिस्ट ऊषा सुनक के पुत्र ऋषि सुनक का जन्म ब्रिटेन में ही हुआ था. सुनक के पिता का जन्म केन्या और मां का जन्म तंजानिया में हुआ था, जबकि उनके दादा-परदादा पंजाब से थे.
ऋषि सुनक ब्रिटेन में ही पैदा हुए थे जबकि उनके पूर्वज हिंदुस्तान के पंजाब से ताल्लुक रखते थे.
हिंदू धर्म में आस्था रखते हैं ऋषि सुनक
ऋषि सुनक हिंदू धर्म में आस्था रखते हैं और ब्रिटेन में भारतीय मूल के पहले चांसलर के रूप में 11 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर दिवाली पर दीये जलाने को अपने जीवन के ‘सबसे गौरवपूर्ण क्षणों’ में से एक मानते हैं. हालांकि ओपिनियन पोल की मानें तो अभी सुनक अपनी प्रतिद्वंदी लिज ट्रस से पीछे हैं और पीएम की कुर्सी तक पहुंचने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है.