यूक्रेन और रूस के बीच 10 दिन से युद्ध जारी है. इसी बीच यूक्रेन ने बड़ा दावा किया है. यूक्रेन का कहना है कि उनकी सेना ने अभी तक रूस के 10,000 सैनिकों को ढेर किया है. हालांकि यूक्रेन ने यह जानकारी नहीं दी कि उनके कितने सैनिक हताहत हुए हैं. इसके साथ ही यूक्रेन ने रूस के 269 टैंकों को तबाह करने का भी दावा किया है.
यूक्रेनी मीडिया ने बताया कि यूक्रेन की सेना ने अभी तक 10,000 रूसी सेना को ढेर किया है. इसके अलावा 39 प्लेन, 40 हेलीकॉप्टर, 2 जंगी जहाज, 269 टैंक, 60 फ्यूल टैंक, 409 कार, 3 यूएवी इत्यादि को तबाह किया है.
यूक्रेन के दो शहरों में सीजफायर पर बनी सहमति
रूसी सेना शनिवार से यूक्रेन के दो शहरों में सीजफायर पर सहमत हो गई है, ताकि वहां फंसे नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा सके. रूस की गवर्नमेंटी न्यूज एजेंसियों ने रूसी रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के हवाले से बताया कि मॉस्को यूक्रेनी बलों के साथ कुछ निकासी मार्गों पर सीजफायर के लिए सहमत हो गया है, ताकि नागरिकों को दक्षिण-पूर्व में रणनीतिक लिहाज से अहम बंदरगाह शहर मारियुपोल और पूर्वी शहर वोल्नोवाखा से सुरक्षित निकालने में सहायता मिल सके. हालांकि, यूक्रेनी सेना की तरफ से अभी सीजफायर की कोई पुष्टि नहीं की गई है और वैसे यह भी साफ नहीं है कि निकासी मार्ग कब तक खुले रहेंगे.