वाशिंगटन: यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध को एक वर्ष पूरा होने वाला है. इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन अचानक कीव पहुंच गए. उनके इस प्रकार अचानक यूक्रेन पहुंचने पर हर कोई दंग रह गया, क्योंकि इस बात की जानकारी काफी कम लोगों को थी. यह बात बाहर नहीं आई थी. यूक्रेन पर रूस के महले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति का यह पहला यूक्रेन दौरा है.
दरअसल, बाइडेन पोलैंड के राष्ट्रपति एंद्रेज दुदा से मिलने पहुंचे थे. इसके बाद वह अचानक यूक्रेन चले गए. यूक्रेन में केवल अनुमान ही लगाया जा रहा था कि कोई बड़ी शख्सियत आ सकती है. बता दें कि, 24 फरवरी 2022 को रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध प्रारम्भ हुआ था. जो बाइडन यूक्रेन के बाद म्यूनिख जाएंगे. वह सुरक्षा सम्मेलन में शामिल होंगे. लेकिन, बाइडन अचानक कीव पहुंच गए. उनके पहुंचने के बाद यहां हवाई हमले के सायरन बजने लगे. बाइडन के इस निर्णय से पूरे विश्व के जानकार दंग रह गए हैं.
बता दें कि, यूक्रेन पर हमले के बाद से ही अमेरिका उसके साथ खड़ा रहा है. अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अमेरिका ने रूस को गलत ठहराने का कोशिश किया है. इसके साथ ही रूस को अलग-थलग करने के लिए प्रतिबंध तक लगाए. अमेरिका ने यूक्रेन को हथियार और सेना उपकरणों के अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करवाई. रूस और अमेरिका के बीच शत्रुता किसी से छिपी नहीं है. इसलिए अमेरिका मजबूती से यूक्रेन के साथ खड़ा रहा है. हालांकि बीच में जेलेंस्की ने अमेरिका से सहायता कम होने की बात कहकर निराशा जाहिर की थी. जो बाइडन का यह दौरान जेलेंस्की और यूक्रेनियों के लिए एक आश्वासन देने की तरह है कि अमेरिका इस युद्ध में यूक्रेन के साथ खड़ा रहेगा.