भारतीय प्रीमियर लीग 2022 का 19वां मैच बहुत रोमांचक रहा, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 44 रनों से करारी शिकस्त दी। ये मैच हाई स्कोरिंग मैच रहा और दिल्ली ने इस सीजन का सबसे बड़ा टारगेट सेट किया था। दिल्ली ने इस मैच में 215 रन बनाए थे, जिसके उत्तर में कोलकाता की टीम 171 रनों पर सिमट गई। मैच के दौरान कुलदीप यादव ने उमेश यादव का बहुत बढ़िया कैच पकड़ा। ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
कुलदीप यादव ने इस मैच में चार ओवरों में 35 देकर 4 विकेट झटके और कोलकाता की कमर तोड़ दी। कुलदीप ने कोलकाता के कप्तान श्रेयस अय्यर, पैट कमिंस, सुनील नरेन और उमेश यादव को आउट किया। केकेआर की पारी के 16वें ओवर में कुलदीप ने एक बढ़िया गेंद फेंकी और उमेश ने उस बॉल पर बड़ा शॉट लगाने की प्रयास की, लेकिन उनकी टाइमिंग ठीक न होने की वजह से गेंद ज्यादा दूर तक नहीं पहुंच सकी। इसी दौरान गेंदबाजी कर रहे कुलदीप यादव ने दौड़ लगा दी और लंबी दूर तय करने के बाद छलांग लगाकर कैच पकड़ लिया।