भारतीय टीम के प्रमुख बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) के बल्ले से तीन वर्ष से अधिक समय के बाद टेस्ट मैच में शतक निकला है। विराट ने अहमदाबाद में हो रहे बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के विरूद्ध अपने टेस्ट करियर का 28वां शतक जड़ा है। सेंचुरी के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस उन्हें शुभकामना दे रहे हैं, तो कुछ फैंस इसे विराट पर कैंची धाम वाले नीम करौली बाबा (Neem Karoli Baba) का आशीर्वाद बता रहे हैं। दरअसल पिछले वर्ष नवंबर में वह अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका के साथ कैंची धाम आए थे और बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद मांगा था।
विराट कोहली ने23 नवंबर 2019 में टेस्ट मैच में अंतिम सेंचुरी लगाई थी। कोलकाता में बांग्लादेश के विरूद्ध टेस्ट में विराट के बल्ले से शतक निकला था। अब 3 वर्ष 3 महीने और 17 दिन के इन्तजार के बाद विराट ने टेस्ट मैच में शतक लगाया है।यह उनका टेस्ट क्रिकेट में 28वां शतक है। ऑस्ट्रेलिया के विरूद्ध वह 7 बार तीन अंकों के स्कोर तक पहुंचे हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने 75वां शतक जड़ा है। विराट ने 241 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया है।
मिल रहा दर्शन का फल
विराट कोहली की वापसी का श्रेय अनुष्का शर्मा ने नीम करौली बाबा को दिया है। अफगानिस्तान के विरूद्ध शतक के बाद अनुष्का ने नीम करौली महाराज की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी। पिछले कुछ समय से विराट कोहली क्रिकेट से समय निकालकर मंदिरों के दर्शन को पहुंच रहे हैं। वह वृंदावन, हरिद्वार और उज्जैन स्थित महाकाल के दर्शन करने भी पहुंचे थे। ऐसे में एक बार फिर विराट ने शतक जड़ा है, जिसे फैंस आस्था से भी जोड़कर देख रहे हैं।
नीम करौली बाबा के आश्रम में विराट
बता दें कि पिछले वर्ष नवंबर में विराट कोहली अपने परिवार के साथ नैनीताल जिले के भवाली में स्थित कैंची धाम आए थे। नीम करौली बाबा के दर्शन करने के बाद उन्होंने कुछ दिन मुक्तेश्वर में गुजारे थे। इसी वर्ष जनवरी में भी वह परिवार के साथ वृंदावन स्थित नीम करौली बाबा के आश्रम पहुंचे थे। जनवरी में ही वह ऋषिकेश में मुनि की रेती स्थित स्वामी दयानंद आश्रम भी पहुंचे थे। विराट ने स्वामी दयानंद की समाधि पर मत्था टेक धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया था। जिसके बाद उन्होंने संतों को भोजन भी कराया। उनका यह दौरा भी सीक्रेट था