भारतीय टीम के युवा गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने दूसरे वनडे में 9 ओवरों में 12 रन देकर 4 विकेट झटके. इसके साथ-साथ प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन मेडन ओवर भी निकाले. इससे पहले भी वे कई घरेलू मैचों में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं. भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी हरभजन सिंह ने प्रसिद्ध कृष्णा की तारीफ की है. भज्जी ने कहा है कि वे उन्हें भारत की टी20 वर्ल्डकप की टीम में देखना चाहते हैं.
India vs Westindies Harbhajan Singh Prasidh Krishna:
हरभजन सिंह ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए, प्रसिद्ध कृष्णा ने इस मैच में अपनी क्षमता दिखाई है. मुझे लगता है कि वे भविष्य में टेस्ट क्रिकेट में भी शामिल होंगे. वे अभी वनडे खेल रहे हैं और इसके साथ-साथ उन्हें टी20 वर्ल्डकप में देखना चाहता हूं. ऑस्ट्रेलिया में बड़े मैदान हैं और अतिरिक्त उछाल भी मिलेगा. उनकी ऊंचाई और स्पीड का टीम इंडिया को फायदा हो सकता है.
भज्जी ने कहा, जब आप टीम में शामिल होते हैं तो आपके सबसे पहले दूसरे से अलग परफॉर्म करना होता है. ऐसा जो किसी और के पास न हो. उनके पास दूसरे गेंदबाजों की तुलना में ज्यादा उछाल और स्पीड है. उनके पास एक सहज एक्शन और बहुत अच्छा रनअप है.
बता दें कि प्रसिद्ध कृष्णा ने टीम इंडिया के लिए अब तक खेले 6 वनडे मैचों में 15 विकेट झटके हैं. इससे पहले उन्होंने 9 फर्स्ट क्लास मैचों में 34 विकेट लिए थे. कृष्णा ने लिस्ट ए के 56 मैचों में 99 विकेट हासिल किए हैं. वे टी20 मैचों में भी अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं. इस युवा गेंदबाज ने 54 टी20 मुकाबलों में 48 विकेट अपने नाम किए हैं.