टेबल टेनिस में भारतीय पुरुष टीम ने इतिहास रच दिया है. टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया. भारतीय टीम ने फाइनल में सिंगापुर को 3-1 से हरा दिया. फाइनल में पहले मैच में हरमीत देसाई और साथियान ज्ञानशेखरन की जोड़ी ने योंग इजाक क्वेक और यूई एन कोएन पैंग की सिंगापुर की जोड़ी को 3-0 से हरा दिया.
इसके बाद दूसरे मैच में कद्दावर अचंता शरत कमल को हार का सामना करना पड़ा. उन्हें झे यू क्लेयरेंस चियू ने 3-1 से हरा दिया. तीसरे मैच में साथियान ज्ञानशेखरन ने सिंगल्स मैच में यूई एन कोएन पैंग को 3-1 से हरा दिया. इसके बाद हरमीत देसाई ने चौथे मैच में झे यू क्लेयरेंस चियू को 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था. तब टीम में शरत कमल, एंथनी अमलराज, हरमीत देसाई, सानिल शेट्टी और साथियान ज्ञानशेखरन शामिल थे.