नई दिल्ली। इंग्लैंड दौरे पर एक टेस्ट और 6 मैचों की सीमित ओवर्स प्रारूप की सीरीज खेलने पहुंची भारतीय टीम फिलहाल लिस्टरशायर में तैयारियां करती नजर आ रही है। भारतीय टीम ने एक जुलाई से खेले जाने वाले टेस्ट मैच से पहले लिस्टरशायर को अपनी तैयारियों के कैंप का हेड बनाया हुआ है। इस बीच भारतीय टीम को लिस्टरशायर की काउंटी टीम के खिलाफ गुरुवार से 4 दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलना है, जिसमें भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम और लिस्टरशायर के खिलाफ खेले जा रहे इस काउंटी मैच का लाइव प्रसारण फॉक्सेस टीवी के यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है। अभ्यास मैचों की बात करें तो यह हमेशा ही देखने में काफी मजेदार होते हैं जहां पर खिलाड़ी पारी के बीच में रिटायर हो जाते हैं तो कभी अपनी टीम के साथ तो कभी विपक्षी टीम के साथ खेलते नजर आते हैं।
कुछ ऐसा ही नजारा इस अभ्यास मैच में भी नजर आया जहां पर भारतीय टीम के 4 दिग्गज खिलाड़ी ऋषभ पंत, चेतेश्वर पुजारा, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा इस अभ्यास मैच में लिस्टरशायर की टीम से खेलते नजर आ रहे हैं तो वहीं पर फैन्स को पहली बार रोहित शर्मा बनाम जसप्रीत बुमराह का मुकाबला देखने को मिला। इस टीम चयन के लिये तीनों क्रिकेट बोर्ड एलसीसीसी, बीसीसीआई और ईसीबी ने इजाजत दे दी है।
उल्लेखनीय है कि जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम के लिये तो खेलते ही हैं साथ ही आईपीएल में भी वो रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं, जिसके चलते फैन्स को हिटमैन बनाम यॉर्कर किंग का मुकाबला कभी देखने को नहीं मिला है, हालांकि इस अभ्यास मैच ने फैन्स के इस सपने को भी साकार कर दिया है।