अर्जेंटीना के फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी ने आधिकारिक तौर पर इंटर मियामी के साथ करार कर लिया है. वह 2025 तक इसी क्लब के लिए खेलेंगे. मेजर लीग सॉकर टीम ने शनिवार को यह जानकारी दी. 36 वर्षीय मेसी ने पिछले वर्ष कतर में अर्जेंटीना को विश्व कप खिताब दिलाया था और मौजूदा समय के सबसे महान फुटबॉल खिलाड़ी माने जाते हैं. इंटर मियामी की टीम रविवार को एक कार्यक्रम में उन्हें अपने साथ जोड़ेगी. शुक्रवार तक वह मैदान में इस टीम के साथ जुड़ जाएंगे. मेसी ने एक बयान में कहा, “मैं इंटर मियामी और संयुक्त राज्य अमेरिका में अपने करियर का अगला पड़ाव प्रारम्भ करने के लिए बहुत उत्साहित हूं.”
सात बार के बैलन डी’ओर विजेता मेसी के पेरिस सेंट-जर्मन से मियामी पहुंचने से पहले ही सनसनी फैल गई है और आशा है कि पूरे अमेरिका में इस खेल और एमएलएस में लोगों की रुचि बढ़ेगी. यह भी आशा है कि लंबे समय तक बार्सिलोना के लिए कमाल करने वाले मेसी मियामी की टीम की किस्मत पलटेंगे. अभी यह टीम जीत के लिए तरस रही है और अंक तालिका में भी इसकी हालत बहुत खराब है.
मेसी ने कहा, “यह एक बहुत बढ़िया अवसर है और हम साथ मिलकर इस खूबसूरत परियोजना का निर्माण जारी रखेंगे. विचार हमारे निर्धारित उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए मिलकर काम करने का है और मैं यहां अपनी नयी टीम में खेलने के लिए बहुत उत्सुक हूं.”
मेसी के पदार्पण मैच की योजना शुक्रवार को बनाई गई है जब इंटर मियामी की टीम लीग्स कप में क्रूज अजुल के विरूद्ध अपने घर में खेलेगी. लीग्स कप एमएलएस और मैक्सिकन लीग टीमों के बीच एक नयी प्रतियोगिता है.