विस्तार लिवरपूल ने लंदन के वेम्बले स्टेडियम में चेल्सी को पेनल्टी शूट आउट में 6-5 से हराकर एफए कप फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया. साथ ही मैनेजर यॉर्गन क्लोप ने टीम के साथ सभी बड़े खिताब जीतने की उपलब्धि भी हासिल कर ली. इस जीत के साथ लिवरपूल की टीम वर्ष में चार बड़ी ट्रॉफी जीत की दौड़ में बनी हुई है. फरवरी में टीम ने काराबाओ कप जीता था. सीजन की यह उनकी दूसरी खिताबी जीत है.
फरवरी में लीग कप फाइनल की तरह एफए कप फाइनल का स्कोर भी 120 मिनट के निर्धारित समय के बाद 0-0 रहा जिसके बाद लिवरपूल ने एक बार फिर बाजी मारी. दोनों टीम पेनल्टी शूट आउट में 5-5 से बराबर थी जिसके बाद चेल्सी के मिडफील्डर मेसन माउंट पेनल्टी को गोल में बदलने में असफल रहे और कोन्सटेनटिनोस सिमिकास ने लिवरपूल की ओर से पहला गोल दागकर उसे शूट आउट में जीत दिला दी.
चेल्सी लगातार तीन एफए कप फाइनल हारने वाली पहली टीम भी बन गई. टीम को 2020 के फाइनल में आर्सेनल जबकि पिछले वर्ष लीसेस्टर के विरूद्ध हार का सामना करना पड़ा था.