पाकिस्तान ने गुरुवार रात इंग्लैंड को एकतरफा मुकाबले में 10 विकेट से हराकर 7 मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी की. इंग्लिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबानों के सामने 200 रनों का लक्ष्य रखा था, इस स्कोर को पाक ने बाबर आजम के शतक और मोहम्मद रिजवान के अर्धशतक की सहायता से 3 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया. बाबर आजम ने इस दौरान विराट कोहली का एक और रिकॉर्ड भी ध्वस्त किया, मगर वह वेस्टइंडीज के विस्टफोटक सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल को नहीं पछाड़ पाए.
बाबर आजम ने इंग्लैंड के विरूद्ध दूसरे टी20 में 66 गेंदों पर 11 चौकों और 5 छक्कों की सहायता से 110 रनों की नाबाद पारी खेली. यह टी20 इंटरनेशनल में उनका दूसरा शतक है. इस पारी के दम पर बाबर ने टी20 में अपने 8000 रन भी पूरे किए. बाबर ने यह कारनामा 218 पारियों में पूरा कर विराट कोहली को पछाड़ा है. कोहली ने टी20 क्रिकेट में 8000 रन पूरे करने के लिए 243 पारियां ली थी. वहीं सबसे तेज इस मुकाम तक पहुंचने वाले बल्लेबाज क्रिस गेल हैं जिन्होंने 213 पारियों में 8000 टी20 रन बनाए थे.टी20 क्रिकेट में पाक के लिए यह दूसरा मौका है जब उन्होंने विपक्षी टीम को 10 विकेट से मात दी हो. पाक की इस जीत में मोहम्मद रिजवान का भी अहम सहयोग रहा. रिजवान ने 51 गेंदों पर 5 चौकों और 4 छक्कों की सहायता से 88 रनों की नाबाद पारी खेली. बाबर के साथ मिलकर उन्होंने 203 रनों की साझेदारी की. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है, जब लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी सलामी जोड़ी ने 200 से अधिक रनों की साझेदारी निभाई है.लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी टी20 इंटरनेशनल सलामी साझेदारी का वर्ल्ड रिकॉर्ड इससे पहले भी इन दोनों के नाम ही दर्ज था. 2021 में सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका के विरूद्ध बाबर और रिजवान ने 197 रनों की साझेदारी निभाई थी. इसके अतिरिक्त बाबर-रिजवान की इकलौती ऐसी जोड़ी है, जिसने लक्ष्य का पीछा करते हुए चार बार 150 रनों से अधिक की ओपनिंग साझेदारी निभाई है.