स्पोर्ट्स डेस्क: 23 जून… इस तारीख का भारतीय क्रिकेट इतिहास में बहुत खास महत्व है। आज ही के दिन भारतीय टीम ने 9 साल पहले 2013 में ICC चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था और आज ही के दिन पूरे 15 साल पहले रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने अपने इंटरनेशनल क्रिकेट का आगाज किया था। जी हां, आज इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को आज 15 साल पूरे हो गए हैं। हिटमैन ने भारत के लिए अपना पहला मुकाबला 23 जून, 2007 को आयरलैंड के खिलाफ खेला था। यह एक वनडे मैच था, जो भारत ने एकतरफा अंदाज ने 9 विकेट से जीता था। हालांकि, राहुल द्रविड़ की कप्तानी वाले इस मैच में रोहित शर्मा को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिल सका था।
इमोशनल हुए हिटमैन
क्रिकेट के गलियारों में हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 15 साल पूरे करने पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है। भारतीय कप्तान ने लिखा- ”भारत के लिए डेब्यू करने के बाद से आज मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 15 साल पूरे कर रहा हूं। यह एक ऐसी यात्रा रही है, जिसे यकीनन मैं जीवन भर संजो कर रखूंगा।”
उन्होंने आगे लिखा- “मैं बस उन सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं जो इस यात्रा का हिस्सा रहे हैं और उन लोगों के लिए विशेष धन्यवाद, जिन्होंने मुझे वो खिलाड़ी बनने में मदद की, जो मैं आज हूं। सभी क्रिकेट प्रेमियों, प्रशंसकों और आलोचकों का टीम के लिए प्यार और समर्थन ही हमें उन बाधाओं से पार दिलाता है, जिनका सामना हम सभी अनिवार्य रूप से करते हैं। आपको धन्यवाद।”