नई दिल्ली: 1 जुलाई से भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में रिशेड्यूल टेस्ट खेला जाना है। हालांकि, इस अहम मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। रोहित के कोरोना होने के बाद टीम इंडिया की ओपनिंग को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। केएल राहुल पहले से चोट के चलते पूरे इंग्लैंड दौरे से बाहर हो चुके हैं और अब टीम के पास ओपनिंग के लिए शुभमन गिल (Shubhman Gill) बचते हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय टेस्ट ओपनर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) का बड़ा बयान सामने आया है। आकाश का ऐसा मानना है कि गिल को इंग्लैंड के खिलाफ ओपन नहीं करना चाहिए।
गिल ओपनिंग के लिए फिट नहीं
आकाश चोपड़ा का ऐसा मानना है कि शुभमन गिल के लिए ओपनिंग की पोजीशन सही नहीं है। अपने यूट्यूब चैनल पर आकाश ने कहा, जब गेंद स्विंग करती है, तो गिल परेशानी में नजर आते हैं। आकाश के मुताबिक- ”शुभमन गिल अब निश्चित रूप से पांचवें टेस्ट के लिए सलामी बल्लेबाजों में से एक होने वाले हैं। लेकिन मैं पूरी तरह से आश्वस्त नहीं हूं कि वह इस पोजीशन के लिए सर्वश्रेष्ठ विकल्प हैं। मुझे ऐसा लगता है कि उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नंबर 3 या नंबर 4 पर आएगा।”
उन्होंने आगे कहा, ”हमने देखा है कि जब गेंद स्विंग होने लगती है तो घरेलू परिस्थितियों में भी वह सहज नजर नहीं आते हैं। वह अब इंग्लैंड में मात्र एक टेस्ट खेलने जा रहे हैं। जब आप 5 टेस्ट की सीरीज खेल रहे होते हैं, तो शुरुआत में फेल होने के बाद भी आपके पास वापसी का मौका होता है।”